28 वर्षीय सतीश की मौत के मामले में दोस्त सरजीत हिरासत में, शराब के नशे में तीसरे व्यक्ति से हुई थी कहासुनी; पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
मसूरी। नगर पालिका के सफाई कर्मी 28 वर्षीय सतीश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से कई सवाल खड़े हो गए हैं। शुरुआत में पुलिस को सूचना दी गई कि सतीश की उसके दोस्त ने हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से उसकी मौत होने की आशंका सामने आई है। हत्या के आरोप और दुर्घटना की आशंका के बीच मामला उलझ गया है। पुलिस ने मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्त सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बीती रात 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी, रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी के रूप में हुई है।
शराब के नशे में थे दोनों, तीसरे व्यक्ति से हुई थी कहासुनी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सतीश अपने परिचित सरजीत निवासी आईटीएम लंढौर के साथ पिकअप वाहन से कहीं से आ रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। बीती शाम दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुंचे, जहां किसी अन्य व्यक्ति के साथ उनकी कहासुनी हो गई।
इसके बाद दोनों वाहन से उतरकर पिकअप के पीछे की ओर पैदल चले गए। कुछ देर बाद वे वापस लौटे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, इसके बाद सरजीत पिकअप लेकर आगे गया और कुछ समय बाद वापस लौटा। वापसी के दौरान वाहन की रफ्तार तेज बताई जा रही है। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े सतीश को कथित तौर पर पिकअप का किनारा लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आसपास मौजूद लोगों ने घायल सतीश को लंढौर कम्युनिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहली सूचना में हत्या का आरोप, अब दुर्घटना के एंगल से जांच
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस को मिली पहली सूचना में दोस्त पर हत्या का आरोप क्यों लगाया गया, जबकि प्रारंभिक जांच में वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस तीसरे व्यक्ति के साथ हुई कहासुनी, सरजीत की भूमिका और घटनास्थल की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
क्या सतीश की मौत महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई विवाद अथवा आपराधिक वजह है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने सरजीत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सीओ जगदीश पंत ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


