WAVES Film Bazaar में देशी-विदेशी फिल्मकार दिखा रहे रुचि, प्राकृतिक लोकेशंस और शूटिंग सुविधाओं को लेकर भी उत्साह
गोवा। गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के तहत WAVES Film Bazaar में उत्तराखंड पवेलियन देशी-विदेशी फिल्मकारों और फिल्म उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां पहुंच रहे निर्देशक, निर्माता और अन्य प्रतिनिधि उत्तराखंड में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं, प्राकृतिक लोकेशंस और राज्य की फिल्म नीति के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
शनिवार को भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने उत्तराखंड पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की फिल्म नीति की सराहना करते हुए इसे अन्य राज्यों की तुलना में बेहतरीन बताया। उन्होंने उत्तराखंड के प्राकृतिक सौंदर्य और फिल्म शूटिंग के लिए उपलब्ध आकर्षक लोकेशंस की भी प्रशंसा की। साथ ही फिल्म शूटिंग को प्रोत्साहित करने और फिल्मकारों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

फिल्म नीति-2024 को लेकर फिल्मकारों में रुचि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 को WAVES Film Bazaar में पहुंच रहे फिल्मकारों और फिल्म उद्योग के प्रतिनिधियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। पवेलियन में आगंतुक फिल्म नीति के प्रावधानों, शूटिंग सुविधाओं और राज्य सरकार की ओर से दिए जाने वाले प्रोत्साहनों की जानकारी ले रहे हैं।
उत्तराखंड के प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण को लेकर भी प्रतिनिधियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्म निर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहन मिले।
फिल्म पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का लक्ष्य
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने कहा कि IFFI-2026 में उत्तराखंड पवेलियन को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया प्रदेश के लिए उत्साहजनक है। देश-विदेश के फिल्मकारों की बढ़ती रुचि से राज्य में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं को नए आयाम मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि परिषद का उद्देश्य उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसके साथ ही फिल्म पर्यटन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।
गोवा के मुख्यमंत्री ने किया IFFI-2026 का शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह का शुभारंभ गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, समारोह निदेशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेता कार्तिक आर्यन और अभिनेत्री साई पल्लवी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
उत्तराखंड पवेलियन में राज्य फिल्म विकास परिषद के प्रतिनिधि के रूप में संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे।


