राजपुर के चलांग कुल्हन में चाकू से किया हमला, अस्पताल में तोड़ा दम; संपत्ति विवाद और किशोर की संदिग्ध मौत की घटनाओं से भी शहर में सनसनी
देहरादून। राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के भीतर हत्या की तीन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं मामूली विवाद में किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई, तो कहीं संपत्ति विवाद में युवक की खुखरी से हमला कर हत्या कर दी गई। वहीं, नशे की लत ने एक बेटे को इस कदर अंधा कर दिया कि उसने चंद रुपयों के लिए अपने ही पिता की जान ले ली। लगातार सामने आई इन वारदातों से राजधानी में दहशत का माहौल है।
ताजा मामला राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन का है। यहां सोमवार शाम नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय नितिन राणा ने अपने 62 वर्षीय पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मदन राणा को उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी मदन राणा को उनके बेटे ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी नितिन राणा नशे का आदी है।
भांजे पर हमला करने दौड़ा, पिता ने बीच-बचाव किया तो मार दिया चाकू
जांच में सामने आया कि घटना के समय नितिन अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। ऋषभ ने रुपये देने से इनकार किया तो आरोपी दरांती लेकर उस पर हमला करने दौड़ पड़ा। भांजे ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान पिता मदन राणा बेटे को समझाने और रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। पिता की डांट से नाराज नितिन ने उन पर चाकू से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मदन राणा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पहली घटना: मामूली विवाद में 15 वर्षीय अर्श की मौत
राजधानी में सामने आई पहली घटना सुरी चौक की है। यहां लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अर्श के कुछ दोस्त उसे अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से चले गए। परिजनों को दोस्तों की भूमिका पर संदेह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों के साथ ही घटना से जुड़े पहलुओं की पड़ताल में जुटी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में युवक की खुखरी से हत्या
दूसरी वारदात रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में हुई, जहां संपत्ति विवाद को लेकर गौरव नाम के युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। हमले में गौरव का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वारदात के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई।
लगातार हुई इन तीन घटनाओं ने राजधानी देहरादून में बढ़ती आपराधिक वारदातों और नशे की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खासकर नशे के लिए पैसों की मांग को लेकर पिता की हत्या की घटना ने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है।


