शव के पास मिले बाघ के पगचिह्न, खून के निशान, चप्पल और नेपाली मुद्रा बरामद; पुलिस शिनाख्त में जुटी, वन विभाग ने बढ़ाई गश्त
खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा स्थित सुरई वन क्षेत्र में रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से हड़कंप मच गया। जंगल में गश्त के दौरान वन विभाग की टीम को शव के आसपास बाघ के पगचिह्न मिले। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत जंगली जानवर, विशेषकर बाघ के हमले से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार, वन कर्मियों को सुरई बीट संख्या-05 के पास जंगल में खून के धब्बे और एक जोड़ी चप्पल दिखाई दी। मौके से 90 नेपाली रुपये भी बरामद हुए। वन कर्मियों ने जब खून के निशानों का पीछा किया तो कुछ दूरी पर काले रंग का पायजामा मिला। इसके बाद टीम ने जंगल में तलाश अभियान तेज कर दिया।
तलाशी के दौरान सुरई वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट संख्या-47 में एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव के आसपास बाघ के पगचिह्न भी पाए गए। प्रारंभिक आशंका है कि जंगली जानवर ने युवक पर हमला करने के बाद उसे जंगल के भीतर घसीटा होगा। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, लोगों को जंगल में जाने से किया जा रहा सतर्क
घटना के बाद वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। आसपास के गांवों और क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को जंगल में नहीं जाने की चेतावनी दी जा रही है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी संचित वर्मा के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक की मौत जंगली जानवर के हमले में होने की आशंका है। मृतक के शरीर पर भी निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने गश्त बढ़ा दी है और पुलिस की मदद से मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। तराई पूर्वी वन प्रभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है।
मृतक की शिनाख्त में जुटी पुलिस
वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सत्रहमील पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरा और उसे खटीमा उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है।
फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं। युवक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


