सीएम धामी की मौजूदगी में मंच पर अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक, पुरानी घोषणाओं पर भी उठाए सवाल
धारचूला (पिथौरागढ़)। ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब स्थानीय विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिलने पर नाराजगी सामने आई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक का माइक बंद किए जाने के बाद मंच पर अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते समारोह स्थल पर हंगामे और अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया था। इस दौरान उन्होंने पिथौरागढ़ जिले को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी और मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाले इस मेले को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह था। छह साल बाद मेले में तिब्बती सामान की दुकानें लगने की उम्मीद भी आयोजन को खास बना रही थी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक हरीश धामी मंच पर पहुंचे और अपनी बात रखने लगे। इसी बीच उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे विधायक नाराज हो गए और उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। विधायक का कहना था कि अपने विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि को जनता की समस्याएं और अपेक्षाएं रखने का अवसर मिलना चाहिए।
हरीश धामी ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पहले की गई कई घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं। जनता लंबे समय से विकास कार्यों के पूरा होने का इंतजार कर रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि उनकी बात सुने बिना ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से चले गए।
विधायक की नाराजगी के बाद मंच पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। इस दौरान अधिकारियों और विधायक के बीच तीखी बहस हुई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, विवाद के बीच अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल हुआ और मंच पर तोड़फोड़ की स्थिति बनी। इससे मेले के उद्घाटन समारोह का माहौल प्रभावित हुआ।
जौलजीबी मेले में जहां एक ओर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की सौगात और भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत का उत्सव मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर मंच पर हुए इस विवाद ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है।


