आप तक इंडिया डेक्स देहरादून
टिहरी में साइबर सुरक्षा की पाठशाला, सैकड़ों बच्चों ने ली शपथ बताए बचत के तरीके, कहा- अनजान लोगों से साझा न करें आधार नंबर, ओटीपी
टिहरी
साइबर अपराधों से बचाव और वित्तीय समझ विकसित करने के लिए बजाज फाइनेंस लिमिटेड और उत्तराखंड पुलिस ने टिहरी जिले के लंबगांव और प्रतापनगर में जागरूकता अभियान चलाया। ‘अर्थसूत्र संवाद’ के तहत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, बचत, जिम्मेदारी से कर्ज लेने और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए गए। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए माता-पिता पर दबाव नहीं डालने की शपथ ली।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आगाह किया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को आधार कार्ड नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से भी बचें। कार्यक्रम में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव के प्रधानाचार्य धनराज सिंह कोहली और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर की प्रधानाचार्या यशोदा चौधरी मौजूद रहीं।
ठगी होने पर 1930 पर करें कॉल
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, एएसआई आनंद सिंह रावत, हेड कांस्टेबल अनिल भट्ट और नीरज चौहान ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। महिपाल सिंह रावत ने कहा कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर शुरुआती 60 मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है। इस दौरान राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना देने से ठगी की रकम को ट्रैक करने और उसे वापस पाने की संभावना बढ़ सकती है।

जरूरत पड़ने पर ही ऋण लें
अभियान में विद्यार्थियों को वित्तीय अनुशासन का महत्व भी समझाया गया। उन्हें बताया गया कि साथियों के दबाव में आकर महंगे मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ईएमआई पर खरीदने की जिद करना परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल सकता है। बच्चों को बचत करने, सोच-समझकर खर्च करने और जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करने की सलाह दी गई।
साथ ही विद्यार्थियों को सिबिल (CIBIL) स्कोर और जिम्मेदारी से ऋण लेने के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि समय पर भुगतान और अच्छा वित्तीय व्यवहार भविष्य में कर्ज लेने की पात्रता को प्रभावित करता है।
वित्तीय रूप से जागरूक बनाने की पहल
बजाज फाइनेंस के प्रवक्ता ने कहा कि ‘अर्थसूत्र संवाद’ का उद्देश्य लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है। इसके लिए सही वित्तीय योजना बनाने, जिम्मेदारी से उधार लेने और व्यक्तिगत जानकारी सुरक्षित रखने पर जोर दिया जा रहा है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि सतर्कता, बचत और समय पर शिकायत साइबर ठगी से बचाव के अहम उपाय हैं।


