आप तक डेस्क (देहरादून)
देहरादून
ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने ‘सेफ ड्रग्स: सेफ लाइफ’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई,
छापे की भनक लगते ही कई दुकानों के गिरे शटरसहसपुर,
सभावाला, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण
निरीक्षण की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने अपने शटर बंद कर दिए।


देहरादून। जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सोमवार को देहरादून में बड़ी कार्रवाई हुई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने ‘सेफ ड्रग्स: सेफ लाइफ’ अभियान के तहत सहसपुर, सभावाला, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई मेडिकल स्टोरों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जबकि निरीक्षण की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोरों ने अपने शटर बंद कर दिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मानेन्द्र सिंह राणा और औषधि निरीक्षक विनोद जगूड़ी ने मेडिकल स्टोरों में लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपलब्धता, एक्सपायरी दवाइयों का रखरखाव, दवाइयों के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड, सीसीटीवी व्यवस्था और कोल्ड-चेन सिस्टम की गहन जांच की।
बालाजी मेडिकोज, सभावाला में फार्मासिस्ट और संचालक अनुपस्थित मिले। खराब फ्रिज में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयां मिलने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया। स्टोर में गंदगी और गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मेडिकल स्टोर को तत्काल बंद कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई। साथ ही लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी जारी की गई।
पर्व मेडिकल स्टोर में छह माह पुरानी एक्सपायरी दवाइयां, अव्यवस्थित रिकॉर्ड और नारकोटिक्स दवाइयों के बिल नहीं मिलने पर स्टोर को भी तत्काल बंद करा दिया गया।
जनता मेडिकल स्टोर, छोटा रामपुर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन खराब पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। बंद सीसीटीवी और अन्य अनियमितताओं के चलते यहां भी बिक्री रोक दी गई।
शंभु मेडिकल स्टोर, झाझरा में सीसीटीवी और एक्सपायरी दवाइयों के निपटान की व्यवस्था नहीं मिली। सभी व्यवस्थाएं पूरी होने तक स्टोर का संचालन रोकने के निर्देश दिए गए।
हेल्थ केयर फार्मेसी, सुद्धोवाला में फार्मासिस्ट और संचालक दोनों अनुपस्थित मिले। फ्रिज बंद मिला और सीसीटीवी भी नहीं था। टीम ने स्टोर तत्काल बंद कराते हुए स्पष्टीकरण तलब किया और लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी दी।
वहीं ग्लोबल फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर्स, बड़ा रामपुर का संचालन नियमानुसार पाया गया। निरीक्षण के दौरान वहां कोई गंभीर अनियमितता नहीं मिली और टीम ने आवश्यक दिशा-निर्देश देकर स्टोर को संचालित रखने की अनुमति दी।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सभावाला, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, सुद्धोवाला और सहसपुर क्षेत्र के कई अन्य मेडिकल स्टोर टीम के पहुंचने से पहले ही अपने शटर बंद कर गायब हो गए। इस पर निरीक्षण टीम ने उनकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए स्पष्ट किया कि ऐसे प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।
सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। जनता से भी अपील की गई है कि बिना चिकित्सकीय पर्चे के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री, एक्सपायरी दवाइयों के उपयोग या अन्य अनियमितताओं की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।


