एमआरएफ सेंटर में हो रहा वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, प्लास्टिक कचरे से तैयार किए जा रहे उपयोगी ब्लॉक
बदरीनाथ। हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान निकलने वाला कचरा अब नगर पंचायत के लिए कमाई का जरिया बन रहा है। नगर पंचायत बदरीनाथ ने कचरे को बोझ मानने के बजाय उसके वैज्ञानिक निस्तारण और पुनर्चक्रण की व्यवस्था विकसित कर करीब नौ लाख रुपये की आय अर्जित की है। इस वर्ष यात्रा काल के दौरान पंचायत ने कुल 485.9 टन कचरा एकत्रित कर उसकी प्रोसेसिंग की।
चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के साथ नगर क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखना और कचरे का उचित प्रबंधन करना नगर पंचायत के लिए बड़ी चुनौती रहता है। इस चुनौती से निपटने के लिए पंचायत ने सफाई व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ कचरे के संग्रहण और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया। इसके तहत नगर क्षेत्र में सुबह और शाम नियमित सफाई कराई गई। वहीं, घरों से निकलने वाले कचरे के संग्रहण के लिए डोर-टू-डोर व्यवस्था भी संचालित की गई।
एमआरएफ सेंटर में अलग-अलग किया जा रहा कचरा
नगर पंचायत की ओर से एकत्रित जैविक और अजैविक कचरे को मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर पहुंचाया जाता है। यहां कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में छांटकर उसकी प्रोसेसिंग की जाती है। प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत प्लास्टिक से उपयोगी ब्लॉक तैयार किए जा रहे हैं। इन ब्लॉकों के विपणन से नगर पंचायत को आय प्राप्त हो रही है। इसी प्रक्रिया के जरिए पंचायत ने करीब नौ लाख रुपये का राजस्व जुटाया है।
यात्रा समाप्त, लेकिन सफाई अभियान जारी
चारधाम यात्रा समाप्त होने के बाद भी बदरीनाथ धाम में स्वच्छता अभियान जारी है। नगर पंचायत की ओर से धाम में गहन सफाई अभियान चलाकर शेष कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। पंचायत का जोर कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन, प्लास्टिक के पुनर्चक्रण और स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने पर है।
बदरीनाथ में नगर पंचायत की यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय निकायों के लिए आय के नए स्रोत विकसित करने का उदाहरण बन रही है। इससे स्पष्ट है कि बेहतर प्रबंधन और नियोजित प्रयासों के जरिए कचरे को समस्या के बजाय उपयोगी संसाधन में बदला जा सकता है। यह पहल स्वच्छ बदरीनाथ धाम और स्वच्छ चारधाम यात्रा के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


