देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की शुरुआत हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का 12 नवंबर को प्रकाशन कर दिया गया है। प्रदेश की प्रारूप मतदाता सूची में कुल 72,78,035 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। अब मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या किसी प्रकार की आपत्ति दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में 34,84,447 महिला, 37,93,373 पुरुष और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 86,028 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।
विशेष अभियान में 1.25 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम जुड़े
निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश में 4 से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए गए। वहीं, 6,130 मतदाताओं के फार्म-7 प्राप्त होने पर नियमानुसार उनका निस्तारण किया गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हाल ही में संपन्न विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया था। उस सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता थे। इसके मुकाबले नई ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई है।

18 साल पूरे करने वाले युवा 11 दिसंबर तक भरें फार्म-6
निर्वाचन विभाग ने ऐसे युवाओं और नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की अपील की है, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या किसी कारणवश अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। ऐसे पात्र नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन ऑफलाइन माध्यम से अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के जरिए किया जा सकता है। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
वेबसाइट और बीएलओ के माध्यम से देख सकेंगे सूची
ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर देखा जा सकता है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के कार्यालयों और संबंधित बीएलओ के माध्यम से भी मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
निर्वाचन विभाग की ओर से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी गई है। वहीं, जिला स्तर पर इसकी हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
राजनीतिक दलों के साथ बैठक, सहयोग की अपील
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों को मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी सौंपी गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 को सफल बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की। बैठक में भाजपा, कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।
4 जनवरी 2027 को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज की जाएंगी। इसके बाद 28 दिसंबर 2026 तक प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण और सुनवाई की जाएगी। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।


