पौड़ी गढ़वाल/सतपुली, लगातार हो रही बारिश के बीच पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन थाना क्षेत्र के मेहर गांव में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से आया मलबा एक मकान के ऊपर जा गिरा, जिससे भवन क्षतिग्रस्त होकर ढह गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव दलों को मौके पर रवाना किया। सतपुली पोस्ट प्रभारी उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने जिला पुलिस, तहसील प्रशासन और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया।

कठिन परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ जवानों ने मलबे में सघन सर्च अभियान चलाया। रेस्क्यू के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बरामद शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
हादसे में मृतकों की पहचान मथुरा देवी (80), पत्नी स्वर्गीय प्रताप सिंह और धीरेंद्र सिंह (44), पुत्र स्वर्गीय प्रताप सिंह, दोनों निवासी मेहर गांव के रूप में हुई है। हादसे में एक पांच वर्षीय बालक की भी मौत हुई है, जिसकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
तीन लोगों की मौत की सूचना से पूरे गांव में मातम पसरा है। एसडीआरएफ टीम ने मलबे के सभी संभावित हिस्सों में दोबारा गहन सर्चिंग की। किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की संभावना नहीं मिलने के बाद रेस्क्यू अभियान समाप्त कर दिया गया। पुलिस ने मृतकों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबे के खतरे को एक बार फिर सामने ला दिया है। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।


